कांग्रेस का पीएम मोदी पर निशाना, 'फिटनेस चैलेंज' के लिए वक्त, तूतीकोरिन की घटना पर खामोश क्यों?

tuticorin_congress
तमिलनाडु के तूतीकोरिन में स्टरलाइट कॉपर संयंत्र के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पुलिस गोलीबारी पर चुप्पी को लेकर आज कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा. कांग्रेस ने सवाल किया कि पीएम के पास सोशल मीडिया में ‘फिटनेस चैलेंज’ के लिए समय है, लेकिन वह इस बर्बर घटना पर खामोश क्यों हैं? पार्टी ने यह भी पूछा कि क्या प्रधानमंत्री यह मानते हैं कि इस मामले में तमिलनाडु की पलानीस्वामी सरकार को बर्खास्त किया जाना चाहिए? बता दें कि क्रिकेटर विराट कोहली ने पीएम मोदी को फिटनेस चैलेंज दिया था. जबकि कोहली को केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन राठौड़ ने ये चैलेंज दिया था.
पीएम मोदी पर निशाना
पार्टी के प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने संवाददाताओं से कहा कि हम पुलिस बर्बरता, राज्य सरकार की उदासीनता और कॉरपोरेट की कठोरता के कॉकटेल से हुई इस घटना की निंदा करते हैं. प्रधानमंत्री हमेशा ट्वीट करते हैं. सोशल मीडिया में चैलेंज दे रहे हैं और स्वीकार कर रहे हैं. इस मामले पर वह चुप क्यों हैं? राष्ट्र यह जानना चाहता है.
सिंघवी ने कहा कि प्रधानमंत्री एक ऐसी सरकार का नेतृत्व कर रहे हैं जो ट्रेडमिल पर भाग रही है, लेकिन कहीं पहुंच नहीं रही. यह सरकार रिटायर्ड हर्ट हो चुकी है. उन्होंने पूछा कि 11 लोगों की जान चली गयी, लेकिन अब तक किसी पर ठोस कार्रवाई क्यों नहीं हुई और जो न्यायिक आयोग बना है उसकी जांच के लिए समयसीमा क्यों तय नहीं की गई?
12 लोगों की हुई मौत
कांग्रेस नेता ने कहा कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री गृह मंत्री भी हैं. इसलिए हम प्रधानमंत्री से पूछना चाहते हैं कि क्या तमिलनाडु की सरकार को बर्खास्त किया जाना चाहिए या नहीं? गौरतलब है कि 22 मई को तूतीकोरिन जिले में स्टरलाइट इंडस्ट्री के कॉपर संयंत्र का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों पर पुलिस गोलीबारी में 12 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी. प्रदर्शनकारी लंबे समय से इस यूनिट का विरोध कर रहे हैं. इनका कहना है कि इससे इस इलाके में पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है.
(तूतीकोरिन में बवाल के बाद की तस्वीरें, एटीएम तोड़ा, गाड़ियां फूंकीं)

View image on TwitterView image on TwitterView image on Twitter
Photos of a vandalised ATM & vehicles set ablaze during anti- in . At present internet is suspended in the area & Section 144 (prevents assembly of more than 4 people) is imposed.
तूतीकोरिन पर सियासत

इस हादसे को लेकर तमिलनाडु में सियासत का दौर जारी है. सभी बड़े नेता यहां का दौरा कर चुके हैं. खबर है कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी जल्द यहां का दौरा कर सकते हैं. वह इस घटना के लिए आरएसएस को जिम्मेदार ठहरा चुके हैं. कमल हासन से लेकर एमके स्टालिन और ईके पलनीस्वामी तूतीकोरिन का दौरा कर चुके हैं. इस बीच हाई कोर्ट के आदेश पर यूनिट का काम बंद है. यहां की बिजली सप्लाई भी काटी जा चुकी है.
Source: India.com

Comments