राहुल गांधी की इफ़्तार पार्टी में PM के फिटनेस VIDEO पर चर्चा, कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा - अजीब


राहुल गांधी की इफ़्तार पार्टी में PM के फिटनेस VIDEO पर चर्चा, कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा - अजीब

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की इफ़्तार पार्टी में एक बार फिर विपक्षी एकजुटता दिखी. आरजेडी, टीएमसी, जेडीएस, जेएमएम, एनसीपी, सीपीएम, एआईयूडीएफ के कई बड़े नेता शरीक हुए. जेडीयू के बाग़ी शरद यादव भी इफ़्तार पार्टी में पहुंचे. इस इफ़्तार पार्टी में पहुंचे मेहमानों से बातचीत में राहुल गांधी ने पीएम मोदी के फिटनेस वीडियो पर चुटकी ली. राहुल ने पूछा क्या आपने पीएम का फ़िटनेस वीडियो देखा है? यह अजीबोगरीब है. राहुल ने सीताराम येचुरी से भी पूछा, क्या आपने अपना फ़िटनेस वीडियो पोस्ट किया है?


हाल में आरएसएस मुख्यालय जाने को लेकर सुर्खियों में रहे पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी भी राहुल की इफ़्तार पार्टी में पहुंचे. पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा देवी सिंह पाटिल, पूर्व उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी इफ़्तार की दावत में शरीक हुए. अध्यक्ष बनने के बाद ये राहुल की पहली इफ़्तार पार्टी थी.



वहीं कांग्रेस नेता और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शासन के प्रति उनकी गंभीरता पर सवाल उठाए हैं. गहलोत ने ट्वीट किया कि प्रधानमंत्री अपनी फिटनेस दिखाने में व्यस्त हैं, जबकि देश कई गंभीर मुद्दों से जूझ रहा है. गहलोत ने कहा, "देश कई समस्याओं से जूझ रहा है, देश की अर्थव्यवस्था की सेहत नाजुक है, पाकिस्तान रोज हमारे सैनिकों और अफसरों को मार रहा है, किसान तनाव के कारण आत्महत्या कर रहे हैं, लेकिन प्रधानमंत्री का जुनून अपनी फिटनेस को लेकर है.


गहलोत ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी को मोदी की तरफ से दिए गए फिटनेस चैलेंज की भी खिल्ली उड़ाई. गहलोत ने कहा, "कई समस्याओं से जूझ रहे इतने बड़े देश के प्रधानमंत्री विपक्ष के नेताओं को फिटनेस चैलेंज दे रहे हैं, यह सब बेतुका लग रहा है. क्या मोदीजी शासन और समस्याओं से जूझने की अपनी गंभीरता खो चुके हैं?"

गौरतलब है कि पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ द्वारा किए गए फिटनेस चैलेंज में हिस्‍सा लेते हुए बुधवार को एक वीडियो शेयर किया था और राजनीतिक विरोधियों को चुनौती भी दी थी. इस वीडियो में पीएम एक्‍सरसाइज और योगा करते हुए नजर आ रहे हैं. आपको बता दें कि कोहली ने 23 मई को एक्सरसाइज का एक वीडियो शेयर करते हुए अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा, क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी और पीएम नरेंद्र मोदी को फिटनेस चैलेंज दिया था. पीएम मोदी ने फिटनेस चैलेंज कुमारस्वामी के अलावा टेबल टेनिस प्लेयर मनिका बत्रा को भी दिया है. इसके अलावा पीएम मोदी ने देशभर के उन सभी आईपीएस अफसरों को भी फिटनेस चैलेंज दिया है जिनकी उम्र 40 साल से अधिक है.

Source: NDTV

Comments